Hazaribagh News: हजारीबाग जिले के गिद्दी थाना क्षेत्र में शनिवार की अहले सुबह पुलिस और राहुल दुबे गैंग के कथित अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो अपराधियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, एक अन्य अपराधी जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा। घायल दोनों अपराधियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हजारीबाग भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब 2:30 बजे सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गैंग के कुछ सदस्य भुरकुंडा की ओर से गिद्दी थाना क्षेत्र के कोलियारी और ट्रांसपोर्ट रोड के आसपास मोटरसाइकिल से घूम रहे हैं। आशंका थी कि अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मामले का सत्यापन करते हुए कार्रवाई शुरू की।
बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में गिद्दी थाना, उरीमारी ओपी और अन्य पुलिस बल की टीम ने पुराना कांटा घर रोड के आसपास सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान शनिवार सुबह करीब 3:50 बजे भुरकुंडा की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए।
पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बाइक सवारों ने भागने की कोशिश की। इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद तीनों अपराधी जंगल की तरफ भागने लगे। पुलिस के मुताबिक, जंगल में पहुंचने के बाद अपराधियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो अपराधियों को पैर में गोली लगी। घायल अपराधियों की पहचान बादल कुमार और रोहित कुमार उर्फ पीटर के रूप में बताई गई है। दोनों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। तीसरा अपराधी अंधेरे और जंगल का लाभ उठाकर फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस की ओर से छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल से दो हथियार, गोलियां, खोखे, आपत्तिजनक पर्चे और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अब गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि वे किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।
छापेमारी और मुठभेड़ अभियान में बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन, बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।


