Ranchi News :- राजधानी रांची में इस बार दुर्गा पूजा पर श्रद्धालुओं को भव्यता और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। हर चौक-चौराहे पर जहां पंडाल सजने की तैयारी चल रही है, वहीं हरमू स्थित पंच मंदिर दुर्गा पूजा समिति इस वर्ष श्रद्धालुओं को खास तोहफा देने जा रही है। समिति वृंदावन के प्रसिद्ध प्रेम मंदिर की तर्ज पर शानदार पंडाल तैयार करवा रही है।
करीब तीन महीने से बंगाल से आए 20 कारीगर इस पंडाल के निर्माण में जुटे हैं। यह पंडाल पूरी तरह बांस, कपड़े और थर्मोकोल जैसी प्राकृतिक सामग्रियों से बनाया जा रहा है। पंडाल की ऊंचाई 100 फीट और लंबाई 125 फीट रखी गई है। इसे इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि श्रद्धालु दूर से ही इसकी भव्यता को देख सकें।
मुख्य कारीगर पुलक महतो के अनुसार, पंडाल में भगवान कृष्ण से जुड़ी लीलाओं का विशेष चित्रण होगा और उसी बीच मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। श्रद्धालुओं को इस बार ऐसा अनुभव होगा, मानो वे वृंदावन के प्रेम मंदिर की पवित्रता में माता रानी का दर्शन कर रहे हों।
समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि इस वर्ष पूजा पर करीब 70 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उनका कहना है कि “हमारा लक्ष्य केवल भव्य पंडाल बनाना नहीं है, बल्कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल देना भी है।”
सुरक्षा व्यवस्था के तहत पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। साथ ही पार्किंग, पानी और मेडिकल सुविधा जैसी जरूरी व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं।
अब तक लगभग 60-70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और शेष कार्य तेजी से चल रहा है। नवरात्र की शुरुआत तक श्रद्धालु इस अनोखे पंडाल का भव्य नजारा देख पाएंगे। इस बार रांची की दुर्गा पूजा में श्रद्धालुओं को एक अलग आध्यात्मिक और सांस्कृतिक अनुभव मिलेगा।


