Gaya Ji: आईआईटियन की नगरी के नाम से मशहूर गया की पटवा टोली में रक्षाबंधन को लेकर इस बार खास उत्साह देखने को मिल रहा है। यहां आईआईटी, जेईई और नीट की तैयारी करने वाली छात्राएं पढ़ाई के साथ देश के जवानों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए विशेष राखियां तैयार कर रही हैं। छात्राओं ने प्रधानमंत्री के लिए तिरंगे के रंगों से सजी स्पेशल राखी बनाई है, जबकि सीमा पर तैनात सैनिकों के लिए भारतीय सेना के एंबलम वाली 1000 से अधिक राखियां तैयार की जा रही हैं।
छात्राएं पिछले एक सप्ताह से इन राखियों को तैयार करने में जुटी हैं। मोतियों, सितारों, नग और रंग-बिरंगे कांच के मोतियों का इस्तेमाल कर आकर्षक राखियां बनाई जा रही हैं। छात्राओं का कहना है कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात जवान रक्षाबंधन जैसे त्योहार पर भी अपनी ड्यूटी निभाते हैं। कई सैनिक इस दिन अपनी बहनों और परिवार से दूर रहते हैं। ऐसे में उनके लिए राखी भेजकर बहन के स्नेह और सम्मान का एहसास कराना छात्राओं के लिए गर्व की बात है।
आईआईटी की तैयारी कर रही छात्रा शोभा कुमारी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए इस बार पहली बार तिरंगे वाली विशेष राखी तैयार की गई है। इसके अलावा सैनिकों के लिए भारतीय सेना के एंबलम वाली राखियां बनाई जा रही हैं। छात्राओं ने राखियों को तैयार करने में काफी मेहनत की है, ताकि सैनिक भाइयों तक यह संदेश पहुंच सके कि देश की बेटियां उनके साथ खड़ी हैं।
छात्रा रिया कुमारी ने कहा कि सीमा पर तैनात जवान उनके सगे भाई नहीं हैं, लेकिन देश की रक्षा करने वाला हर सैनिक भारतीय बहनों के लिए भाई के समान है। ऐसे वीर जवानों को राखी भेजना उनके लिए खुशी और गर्व का विषय है।
पटवा टोली में आईआईटी, जेईई और नीट की निशुल्क तैयारी कराने वाली संस्था वृक्ष वी द चेंज के फाउंडर चंद्रकांत पटवारी ने बताया कि छात्राएं पिछले कई दिनों से उत्साह के साथ राखियां बना रही हैं। सैनिकों के लिए तैयार की गई राखियां डाक के माध्यम से अलग-अलग आर्मी कैंपों में भेजी जाएंगी। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए तैयार की गई तिरंगे वाली विशेष राखी पीएमओ कार्यालय भेजी जाएगी।
पटवा टोली पहले से ही अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए देशभर में पहचान रखती है। बुनकरों की इस नगरी से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं इंजीनियर बनकर देश-विदेश में अपनी पहचान बना चुके हैं। अब यहां की बेटियां पढ़ाई के साथ अपनी रचनात्मकता और देशभक्ति की भावना से सैनिक भाइयों के लिए राखियां तैयार कर एक अलग मिसाल पेश कर रही हैं।


