Bihar News : बिहार के गया जिले में हाल ही में सामने आए युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि हत्या की वजह प्रेम प्रसंग और कथित ब्लैकमेलिंग बनी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। घटना में इस्तेमाल किए गए चार पहिया वाहन को भी बरामद कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, वजीरगंज थाना क्षेत्र के पुनावां गांव स्थित पहाड़ी के पीछे 4 जुलाई की सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतक की पहचान बुनियादगंज थाना क्षेत्र के हेड मानपुर निवासी रोशन कुमार उर्फ रॉकेट के रूप में हुई थी। रोशन पेशे से चार पहिया वाहन चालक था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि उसकी रस्सी से बांधकर बेरहमी से पिटाई की गई और बाद में गला घोंटकर हत्या कर दी गई।
घटना के बाद मृतक के पिता की लिखित शिकायत पर वजीरगंज थाना में कांड संख्या 383/26 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम का गठन किया। एफएसएल टीम की सहायता से घटनास्थल की जांच की गई और तकनीकी साक्ष्यों व खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस जांच में सामने आया कि रोशन का एक युवती से पहले प्रेम संबंध था। बाद में युवती की शादी किसी अन्य व्यक्ति से हो गई, लेकिन इसके बावजूद रोशन कथित तौर पर पुराने फोटो और वीडियो दिखाकर उस पर संबंध बनाए रखने का दबाव बना रहा था। युवती के परिजनों और रिश्तेदारों ने उसे कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
पुलिस के अनुसार, इसी बात से परेशान होकर आरोपियों ने आपस में योजना बनाई और रोशन को बुलाकर उसकी हत्या कर दी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सावन कुमार और शुभम कुमार के रूप में हुई है, जो बुनियादगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। वहीं, इस मामले में एक नाबालिग की भी संलिप्तता सामने आने पर उसे निरुद्ध किया गया है।
गया के एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस ने हत्या की गुत्थी पूरी तरह सुलझा ली है। आरोपियों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है ताकि केस से जुड़े हर तथ्य को न्यायालय के समक्ष मजबूत तरीके से प्रस्तुत किया जा सके।


