Bhagalpur News:- बिहार के भागलपुर में पुलिस ने नकली सर्टिफिकेट बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। साइबर थाना पुलिस ने इस कार्रवाई में छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सूत्रों के मुताबिक, साइबर थाना को सूचना मिली थी कि घंटाघर चौक स्थित एक कॉम्प्लेक्स में चल रहे सोनू साइबर कैफे में जाली प्रमाणपत्र बनाए जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने सादे लिबास में एक पदाधिकारी को ग्राहक बनाकर कैफे में भेजा। पदाधिकारी ने सर्टिफिकेट बनवाने की मांग की तो संचालक ने तुरंत नकली प्रमाणपत्र तैयार कर दिया और 500 रुपये वसूले। इससे पुलिस को पुख्ता सबूत मिला कि यहां बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा हो रहा है।
इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक और साइबर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम में पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे। छापेमारी के दौरान पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी की गई। पुलिस ने कैफे से भारी मात्रा में जाली सर्टिफिकेट, विभिन्न विश्वविद्यालयों और बोर्ड की नकली मोहरें तथा इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए।
पुलिस ने मौके से छह आरोपितों को गिरफ्तार किया, जिनके नाम हैं – मो. शाहनवाज उर्फ सोनू (कैफे संचालक), मो. अकरम, मनोहर मंडल, मो. अमरुद्दीन, मो. अमन अफरोज और मो. आफरीद।
बरामद सामान में विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के 29 नकली प्रमाणपत्र, 15 मोहरें, 6 सीपीयू, 3 लैपटॉप, 7 मॉनिटर और नकद 40,700 रुपये शामिल हैं। पुलिस ने इन सभी वस्तुओं को जब्त कर लिया है।
इस पूरे मामले में भागलपुर साइबर थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह लंबे समय से युवाओं और बेरोजगारों को निशाना बनाकर नकली प्रमाणपत्र बनाता आ रहा था। मामले की आगे की जांच की जा रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुँचा जा सके।


