Bhagalpur News:- बाढ़ पीड़ितों को अब तक मुआवजा राशि नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को भागलपुर-साहिबगंज एनएच-80 को जाम कर दिया। एकचारी थाना क्षेत्र के भोलसर पंचायत के करीब 500 ग्रामीण सुबह से ही सड़क पर उतर आए और प्रशासन व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नाराज महिलाओं ने झाड़ू लेकर सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया। देखते ही देखते मुख्य मार्ग पर लगभग पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया और यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों का कहना था कि वे बाढ़ प्रभावित इलाके में रहते हैं, लेकिन सरकार की ओर से घोषित अनुग्रह (जीआर) राशि अब तक उन्हें नहीं दी गई। ग्रामीण महिला कविता देवी ने बताया कि भोलसर पंचायत के तीन गांवों के लोग इस आंदोलन में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण लाखों रुपये का सामान बर्बाद हो गया, लेकिन परिवारों को अब तक किसी तरह की सरकारी मदद नहीं मिली। कई बार अंचलाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन सिर्फ आश्वासन देता रहा, लेकिन राहत राशि बांटने में लापरवाही बरती जा रही है। मजबूर होकर उन्हें सड़क पर उतरकर विरोध करना पड़ा। इस दौरान आक्रोशित लोग सरकार विरोधी नारे लगाते रहे।
जाम की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। कहलगांव डीएसपी को भी घटना की जानकारी दी गई, हालांकि वे मौके पर नहीं पहुंचे। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी ग्रामीणों को शांत करने पहुंचे, लेकिन लोग अपनी मांग पर अड़े रहे। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उन्हें मुआवजा राशि देने का ठोस आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक वे सड़क से नहीं हटेंगे।
उल्लेखनीय है कि एनएच-80 एक महत्वपूर्ण मार्ग है, जो भागलपुर को झारखंड के साहिबगंज से जोड़ता है। इस रास्ते के बाधित होने से वाहन चालकों और यात्रियों को घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ी।


