असम
कोकराझार जिले के गोसाईगांव थाना के तुलसीबील में एक ही परिवार के पांच लोगो ने आत्महत्या कर ली। इसमें पति-पत्नी और उनकी तीन बेटियां शामिल है। मृतको की शिनाख्त निर्मल पाल (52), उसकी पत्नी मल्लिका पाल(45), बेटियां नेहा पाल(25), प्रिया पाल(23) और दीपा पाल(17) के रूप में हुई है। सोमवार की सुबह इनके शव फंदे में लटकता मिला है। इससे इलाके में सनसनी फैल गई। यह परिवार तुलसीबील बाजार में किराए के मकान में रहकर भारत गैस एजेंट के तौर पर कार्य करता था। इसी से परिवार का भरण पोषण होता था। स्थानीय लोगो के मुताबिक निर्मल छोटे-मोटे व्यापार भी करता था और उसने इसके लिए कई लोगो से कर्ज भी ले रखा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पांचो शवो को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मामले की तहकीकात में जुटी है।



