गुमला।
जिले के कामडारा थाना क्षेत्र के पहाड़ आमटोली गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों की टांगी मारकर हत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों में दो महिला और दो पुरुष के अलावा एक बच्चा शामिल है। बताया जा रहा है कि आपसी विवाद में पांच लोगों की हत्या की गई है। घटना में मारे गए लोगों में नीकुदीन टोपनो (50), उसकी पत्नी जोस्फिना टोपनो (43), बेटा विंसेन्ट टोपनो (35), बहु सिल्वन्ति टोपनो (30) और पोता आसविन टोपनो (5) शामिल हैं।
घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। हालांकि पुलिस को इसकी सूचना बुधवार सुबह मिली। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम भेजने की तैयारी चल रही है। गुमला एसपी हरदीप पी जनार्दन ने कहा कि आपसी विवाद में हत्या की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बुधवार की सुबह जब ग्रामीण घरों से बाहर निकले तो जोस्फिना का शव घर के मुख्य दरवाजे के पास पड़ा देखा। जबकी विंसेन्ट टोपनो (35), बहु सिल्वन्ति टोपनो (30) और पोता आसविन टोपनो (5) का शव कमरे में पड़ा था। वहीं नीकुदीन टोपनो का शव दूसरे कमरे में मिला। जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। ग्रामीणों ने बताया की उन्हें रात में घटना की जानकारी नही मिल सकी। मौके पर पहुॅची पुलिस मामले की जांच में जुटी है। डॉग स्क्वायड को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है।
