Jharkhand News: रांची में आयोजित उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर उस समय हड़कंप मच गया, जब पेपर लीक होने की आशंका पर राजधानी के तमाड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 150 से अधिक युवकों को हिरासत में ले लिया। इन सभी से फिलहाल गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए अधिकांश युवक परीक्षा देने आए अभ्यर्थी हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी एक स्थान पर इकट्ठा होकर प्रश्नपत्र लीक होने की चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान किसी ने पुलिस को इसकी सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी युवकों को हिरासत में लेकर तमाड़ थाना ले गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मुख्य द्वार को भी बंद कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने तक किसी को भी बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ग्रामीण पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रहे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पुलिस को यह भी इनपुट मिला था कि कुछ अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया जा सकता है। इसके अलावा, असली उम्मीदवारों की जगह फर्जी परीक्षार्थियों को बैठाने की साजिश की भी आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, अब तक की जांच में पेपर लीक की पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई पूरी तरह संदेह के आधार पर की गई है और यदि किसी भी तरह की अनियमितता या अवैध गतिविधि सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
इस घटना के बाद परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अभ्यर्थियों और उनके परिजनों में चिंता का माहौल है। फिलहाल सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है, जिससे सच्चाई सामने आ सके।


