Hazaribag News:- हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा एनएच-19 पर बिगहा बाजार के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रेलर और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई। मृतकों की पहचान चौपारण निवासी मोहम्मद जमाल (53) और उनके पुत्र मोहम्मद नौशाद (25) के रूप में हुई है। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में एक अन्य युवक मोहम्मद जमाल गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए हजारीबाग भेज दिया। हादसे के बाद सोमवार सुबह आक्रोशित परिजन और ग्रामीण बिगहा बाजार चौक के पास जीटी रोड पर उतर आए। उन्होंने मृतकों के शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सड़क जाम होने से एनएच-19 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात कई घंटे तक बाधित रहा। हालात को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। सूचना पाकर पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला भी पहुंचे और उन्होंने आक्रोशित लोगों से बात कर स्थिति को शांत किया। पुलिस और जनप्रतिनिधियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि चौपारण क्षेत्र में सड़क हादसों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बिगहा बाजार और उसके आसपास एनएच-19 पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने खराब सड़क व्यवस्था, भारी वाहनों की अव्यवस्थित आवाजाही, तेज रफ्तार और स्ट्रीट लाइट की कमी को दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बताया। उन्होंने प्रशासन से जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग की ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
पुलिस ने ट्रेलर और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


