Patna News:- बिहार के जमुई और लखीसराय जिले की सीमा पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन इंजीनियरिंग छात्रों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब छात्र सीएनजी ऑटो से परीक्षा देने के लिए लखीसराय स्टेशन जा रहे थे। तेतरहाट थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से ऑटो के टकरा जाने से यह घटना हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो में सवार तीन छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान समस्तीपुर जिले के पंकज कुमार, सरोज कुमार और नालंदा जिले के साहिल कुमार के रूप में हुई है। तीनों एक ही इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ते थे और परीक्षा देने ट्रेन पकड़ने जा रहे थे।
थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि ऑटो में कुल छह लोग सवार थे। हादसे में तीन की मौत हो गई, जबकि दो छात्र और ऑटो चालक किसी तरह खाई में गिरने से बच गए। चौंकाने वाली बात यह है कि हादसे के तुरंत बाद ऑटो चालक घायलों को लेकर घटनास्थल से फरार हो गया।
मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस घटनास्थल की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे ट्रकों को अवैध रूप से खड़ा करना आम बात हो गई है, जो लगातार हादसों को दावत दे रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर राज्य में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


