Palamu News:- पलामू पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अंग्रेज़ी शराब जब्त की है। छतरपुर थाना क्षेत्र से बरामद इस खेप की कीमत लगभग 45 लाख रुपये आंकी गई है। इस दौरान पुलिस ने हरियाणा के मेवात निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। जिले की एसपी रीष्मा रमेशन ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार, 12 सितंबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नावाबाजार से औरंगाबाद की ओर जाने वाले मार्ग पर नागालैंड नंबर का एक ट्रेलर (NL 01L 6869) अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन को रोका।
पूछताछ में चालक ने ट्रेलर में पुट्टी लोड होने की बात कही। हालांकि, शक होने पर वाहन को थाना लाकर तलाशी ली गई। जांच में ट्रेलर से विभिन्न कंपनियों की हजारों बोतल अंग्रेज़ी शराब बरामद की गई।
45 लाख की शराब जब्त
बरामद शराब में –
बडवाइज़र मैग्नम स्ट्रांग बीयर (500 ML) : 80 कार्टून (1920 पीस)
रॉयल स्टैग (750 ML) : 20 कार्टून (240 पीस)
रॉयल चौलेंजर (750 ML) : 25 कार्टून (300 पीस)
रॉयल कैरेज (750 ML) : 165 कार्टून (1980 पीस)
रॉयल कैरेज (375 ML) : 160 कार्टून (3840 पीस)
इन सभी की बाजार कीमत करीब 45 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरियाणा के मेवात जिले के निवासी रिजवान (25 वर्ष) के रूप में हुई है। उसके पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि ट्रेलर के पंजीयन और चेसिस नंबर मेल नहीं खा रहे थे, जिससे वाहन की फर्जी पहचान की आशंका है।
एसपी रिष्मा रमेशन ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का मानना है कि यह अवैध शराब कारोबार बड़े गिरोह से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल, ट्रेलर और शराब को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


