रांची।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक ट्रक से भारी मात्रा में तस्करी कर ले जाए जा रहे डोडा को बरामद करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पकड़े गए तस्करों में गिरफ्तार लोगों में बिरसा मुंडा , सनिका मुंडा, मोहम्मद तसलीम खां और फाजिल खां शामिल है। इनके पास 67 बोरा में 1630.67 किलो डोडा( नशीला पदार्थ), एक 12 चक्का ट्रक (यूपी25 सिटी 2209) और छह मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि टाटा की ओर से एक 12 चक्का ट्रक जो ब्लैक ऑरेंज रंग का तिरपाल से ढका हुआ है। उसमें अवैध रूप से नशीला पदार्थ डोडा तस्करी कर ले जाए जा रहा है। सूचना के बाद बुंडू एसडीपीओ अजय कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। छापेमारी टीम ने दशम फॉल यात्री शेड के पास पहुंच कर चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान एक ट्रक तेजी गति से टाटा की ओर से आया जिसे पुलिस बल ने रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुका और ट्रक लेकर भागने लगा, जिसे छापेमारी टीम ने पीछा करके पकड़ा। एसपी ने बताया कि डोडा को तस्करी कर यूपी ले जाया जा रहा था, जहां बरामद डोडा की कीमत लगभग 28 लाख के आसपास है। पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।


