Jamshedpur News: Dimna Lake के पास स्थित एक रिसॉर्ट में कथित अनैतिक गतिविधियों के खुलासे के बाद रविवार सुबह इलाके में हड़कंप मच गया। Bodam थाना क्षेत्र अंतर्गत बोंटा पंचायत के गेरूआ गांव स्थित लेक व्यू रिसॉर्ट में ग्रामीणों ने अचानक पहुंचकर हंगामा किया और कई कमरों की तलाशी ली। इस दौरान तीन जोड़ों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े जाने का दावा किया गया, जिन्हें बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि रिसॉर्ट में पिछले करीब छह महीनों से देह व्यापार और अन्य अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। स्थानीय लोगों के अनुसार, बाहरी इलाकों से युवक-युवतियां यहां आते थे और रिसॉर्ट की आड़ में गलत कार्य किए जाते थे। ग्रामीणों ने बताया कि इसकी शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही थी।
रविवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण रिसॉर्ट पहुंचे और कमरों की जांच शुरू कर दी। इस दौरान तीन अलग-अलग कमरों से तीन जोड़ों को पकड़ा गया। वहीं, एक अन्य जोड़ा पीछे के रास्ते से भागने में सफल रहा। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
ग्रामीणों ने रिसॉर्ट के मैनेजर संतोष गिरी को भी पकड़ लिया और उस पर अनैतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने उसके साथ मारपीट भी की। सूचना मिलने के बाद बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मैनेजर को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाया और हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस जब पकड़े गए लोगों को थाना ले जाने लगी तो ग्रामीणों ने रिसॉर्ट मालिक को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि रिसॉर्ट मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए और रिसॉर्ट को स्थायी रूप से बंद कराया जाए।
पूछताछ में मैनेजर संतोष गिरी ने बताया कि रिसॉर्ट धनबाद निवासी विनोद सिंह का है। उसने कहा कि एक ही परिसर में एक तरफ पतंजलि चिकित्सा केंद्र संचालित होता है, जबकि दूसरी ओर रिसॉर्ट चलाया जाता है। ग्रामीणों का दावा है कि पुलिस तलाशी के दौरान कई आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
Jharkhand Police के अधिकारी और बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और बड़ी संख्या में ग्रामीण रिसॉर्ट के बाहर जमा रहे।
इस खबर को भी पढ़ें : अवैध संबंध के संदेह के आधार पर तलाक नहीं, पटना हाईकोर्ट का बड़ा फैसला


