Jharkhand News: झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल और टीडीपीएल एजेंसी से जुड़ी विवादित परीक्षाओं को रद्द किए जाने के बाद छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो ने इसे छात्र आंदोलन की ऐतिहासिक जीत बताया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा रद्द होने के साथ आंदोलन का एक चरण पूरा हुआ है, लेकिन अब छात्रों की लड़ाई नई, पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती व्यवस्था लागू कराने के लिए होगी।
देवेंद्रनाथ महतो मंगलवार को सदर अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित सत्याग्रह स्थल पहुंचे। यहां आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि छात्रों को ऐसी परीक्षा व्यवस्था चाहिए, जिसमें पेपर लीक, धांधली, अनियमितता और पैरवी के जरिए नौकरी हासिल करने की कोई गुंजाइश न रहे।
उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों में चयन पूरी तरह मेधा, पारदर्शिता और निष्पक्ष प्रक्रिया के आधार पर होना चाहिए। योग्य अभ्यर्थियों को उनका अधिकार मिले और किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार या अनियमितता की शिकायत सामने न आए, इसके लिए भर्ती प्रक्रिया में जरूरी बदलाव किए जाने चाहिए।
भर्ती व्यवस्था में सुधार तक जारी रहेगा संघर्ष
देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि विवादित परीक्षाओं को रद्द करना छात्र हित में सरकार का महत्वपूर्ण कदम है। आंदोलन के दौरान जिन परीक्षाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठाए गए थे, उनमें जेएसएससी-सीजीएल सहित टीडीपीएल एजेंसी की ओर से आयोजित परीक्षाएं भी शामिल थीं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षाएं रद्द होने के बाद आंदोलन समाप्त नहीं हुआ है। जब तक भर्ती व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और भ्रष्टाचार मुक्त नहीं होती, तब तक छात्रों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने सरकार से परीक्षा व्यवस्था में ऐसी व्यवस्था लागू करने की मांग की, जिससे भविष्य में किसी भी प्रतियोगी परीक्षा की विश्वसनीयता पर सवाल न उठे।
17वें दिन खत्म हुआ था अनशन
देवेंद्रनाथ महतो ने बताया कि भूख हड़ताल के 17वें दिन सदर अस्पताल में उनका अनशन समाप्त कराया गया था। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और डुमरी विधायक जयराम महतो मौजूद थे।
अनशन समाप्त होने के बाद अस्पताल से छुट्टी मिलने पर वह दोबारा सत्याग्रह स्थल पहुंचे और आंदोलन में शामिल छात्रों के बीच पहुंचे। उन्होंने आंदोलन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों, मीडिया कर्मियों और अन्य सहयोगियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्रों की एकजुटता और लंबे संघर्ष का परिणाम है। प्रेस वार्ता के दौरान बड़ी संख्या में छात्र और अन्य लोग मौजूद रहे।
इस खबर को भी पढ़ें :गुमला में 5 लाख के इनामी रामदेव लोहरा सहित जेजेएमपी के 4 उग्रवादी गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा बरामद


