राबड़ी देवी के नेतृत्व में विपक्ष का हंगामा, सत्र में विपक्ष का नारेबाजी और तख्ती प्रदर्शन जारी
Patna News:- बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र का तीसरा दिन भी भारी हंगामे की भेंट चढ़ गया। विपक्षी दलों ने विधान परिषद के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। विरोध का नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधान परिषद में विपक्ष की नेता राबड़ी देवी ने किया। प्रदर्शन के दौरान विपक्षी विधायकों ने हाथों में तख्तियां और पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
विरोध का मुख्य मुद्दा मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण रहा। विपक्ष का आरोप है कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सरकार चुनाव आयोग के माध्यम से वोटर लिस्ट में मनमाने तरीके से नामों को काट रही है, जिससे खास वर्ग के मतदाताओं को निशाना बनाया जा रहा है।
राबड़ी देवी ने कहा कि सरकार गरीबों, अल्पसंख्यकों और दलितों का नाम जानबूझकर सूची से कटवा रही है। विपक्ष को आशंका है कि यह पुनरीक्षण सरकार और चुनाव आयोग की मिलीभगत से किया जा रहा है, ताकि चुनाव में विपक्षी वोट बैंक को नुकसान पहुंचाया जा सके। प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सदस्यों ने साफ तौर पर कहा कि जब तक यह मतदाता सूची पुनरीक्षण रद्द नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
बिहार विधान परिषद के बाहर जिस तरह से विरोध हुआ, उससे सत्र की कार्यवाही भी प्रभावित रही। सदन के भीतर भी विपक्षी सदस्यों ने जोरदार विरोध दर्ज कराया, जिससे सामान्य कार्यवाही ठप हो गई। फिलहाल सरकार की ओर से इस पर कोई औपचारिक बयान नहीं आया है, लेकिन विपक्ष के इस तेवर से यह साफ है कि आने वाले दिनों में विधानसभा सत्र और अधिक गरम होने वाला है।


