Chhapra News:- छपरा जिले के परसा थाना क्षेत्र अंतर्गत माड़र गांव में रविवार देर शाम एक पारिवारिक झगड़े ने खौफनाक मोड़ ले लिया। 17 वर्षीय सोनू कुमार की उसके ही बड़े भाई शनि कुमार ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी। यह घटना गांव में सनसनी का कारण बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, शनि की शादी हाल ही में 10 जून को हुई थी। रविवार को छोटा भाई सोनू तीन वनीला फ्लेवर आइसक्रीम लेकर घर आया। एक खुद खाया, दूसरी मां को दी और तीसरी बड़े भाई को देना चाहा। लेकिन शनि ने लेने से मना कर दिया। तब मां ने कहा कि वह आइसक्रीम नई बहू को दे दे। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों में कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि शनि ने गुस्से में आकर सोनू की पिटाई कर दी। सोनू जान बचाकर पास के एक खंडहर मकान में छुप गया, लेकिन शनि ने वहां पहुंचकर चाकू से उसके सीने पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल सोनू को परिजन फौरन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी भाई की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
मृतक के पिता दीना साह, मां गिरजा देवी और भाई-बहन (अजय, अमर, मनीषा और जूली) इस घटना से स्तब्ध हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं। गांव में शोक की लहर है और हर कोई इस पारिवारिक त्रासदी से व्यथित है।


