Jamshedpur News: बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन डीडी बार के बाहर हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। मामले में बार संचालक और भाजपा नेता नीरज सिंह समेत तीन आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, इस हत्याकांड का मुख्य आरोपित और दो लाख रुपये का इनामी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा ने बुधवार को जमशेदपुर सिविल कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) एहतेशाम वकारिब ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि इस बहुचर्चित हत्याकांड में अब तक कुल 12 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि विशेष जांच दल (एसआईटी) सभी पहलुओं की गहन जांच कर रहा है। यदि जांच के दौरान अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, भाजपा नेता और डीडी बार संचालक नीरज सिंह को राजस्थान के सीकर जिले स्थित खाटूश्याम से ट्रांजिट रिमांड पर गिरफ्तार कर जमशेदपुर लाया गया। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इसके अलावा सह-आरोपित सुदर्शन मंडल उर्फ लाल्टू और राजेश मंडल को ओडिशा के रायरंगपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। दोनों से पूछताछ के बाद उन्हें भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
एसएसपी ने बताया कि इस हत्याकांड की जांच के लिए गठित एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्य, मानवीय सूचना और अन्य उपलब्ध सबूतों के आधार पर लगातार कार्रवाई की। जांच के दौरान मुख्य आरोपित विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा की भूमिका सामने आने पर उस पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के दबाव के बीच उसने बुधवार को जमशेदपुर सिविल कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपितों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। अधिकारियों के अनुसार इन मोबाइलों से मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। जांच में यह भी सामने आया है कि नीरज सिंह के खिलाफ कदमा थाना में वर्ष 2022 का एक आपराधिक मामला पहले से दर्ज है।
एसएसपी ने कहा कि हत्याकांड से जुड़े अन्य फरार आरोपितों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर सभी दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा। प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ललित मीणा, ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल तथा एएसपी ऋषभ त्रिवेदी भी उपस्थित रहे।


