Darbhanga News:। नगर क्षेत्र के एक उर्दू मध्य विद्यालय में पदस्थापित BPSC से नियुक्त शिक्षिका पर अपनी ही सगी बहन के पति से कथित तौर पर कोर्ट मैरिज करने का आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद पारिवारिक विवाद अब शिक्षा विभाग तक पहुंच गया है। शिक्षिका की बहन प्रीति देवी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की जांच कराने और न्याय दिलाने की मांग की है। आवेदन के साथ कथित शादी से संबंधित फोटो और अन्य दस्तावेज भी संलग्न किए जाने की बात कही गई है।
प्रीति देवी के अनुसार, उनकी शादी वर्ष 2014 में विजेन्द्र कुमार सिंह से हुई थी। उनके मुताबिक शादी के बाद पारिवारिक जीवन सामान्य रूप से चल रहा था। इसी बीच उन्हें जानकारी मिली कि उनकी सगी बहन सुनीता कुमारी, जो दरभंगा के उर्दू मध्य विद्यालय में शिक्षिका हैं, ने 16 जून 2025 को उनके पति के साथ कथित तौर पर कोर्ट मैरिज कर ली।

प्रीति देवी का आरोप है कि उनके पति से अब तक उनका तलाक नहीं हुआ है। ऐसे में दूसरी शादी की वैधता को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए हैं। उन्होंने विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
मीडिया से बातचीत में प्रीति देवी ने कहा कि जब उन्हें बहन और पति की शादी की जानकारी मिली तो उन्होंने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनसे 20 लाख रुपये की मांग की जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मामला जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय पहुंचने के बाद शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लिया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद ठाकुर ने बताया कि उन्हें प्रीति देवी का आवेदन प्राप्त हुआ है। इसके आधार पर संबंधित शिक्षिका से स्पष्टीकरण मांगा गया है। शिक्षिका से मामले से जुड़े तथ्यों और दस्तावेजों के संबंध में अपनी स्थिति स्पष्ट करने को कहा गया है।
DEO के अनुसार, शिक्षिका का जवाब मिलने और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच के बाद ही विभाग आगे की कार्रवाई को लेकर निर्णय लेगा। फिलहाल मामला विभागीय जांच के स्तर पर है।


