पटना से पहुंची विजिलेंस की टीम ने कार्यालय में बिछाया जाल, रिश्वत की रकम लेते ही अधिकारी को दबोचा; पूर्व में 98.12 लाख रुपये के वेतन गबन का मामला भी आया था सामने
Bhagalpur News: जिले में शिक्षा विभाग के अंदर भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को निगरानी विभाग की विशेष टीम ने मध्याह्न भोजन योजना (एमडीएम) के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मनोज कुमार को 1 लाख 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग से लेकर समाहरणालय परिसर तक अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, पटना से पहुंची निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम को एमडीएम डीपीएम मनोज कुमार के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी टीम ने पहले मामले का सत्यापन कराया। आरोपों की पुष्टि होने के बाद शनिवार को योजनाबद्ध तरीके से जिला शिक्षा विभाग कार्यालय में जाल बिछाया गया।
बताया जाता है कि जैसे ही अधिकारी ने शिकायतकर्ता से 1 लाख 10 हजार रुपये की रिश्वत की राशि ली, पहले से मुस्तैद निगरानी टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद टीम आरोपी अधिकारी को अपने कब्जे में लेकर कार्यालय में ही आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने और पूछताछ करने में जुट गई।
रिश्वत लेने के मामले में पूछताछ जारी
निगरानी टीम गिरफ्तार अधिकारी से यह जानकारी जुटा रही है कि रिश्वत की रकम किस काम के एवज में मांगी गई थी और इस मामले में अन्य किसी व्यक्ति की संलिप्तता है या नहीं। कार्रवाई से संबंधित विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
पहले भी सामने आया था वेतन गबन का मामला
गौरतलब है कि भागलपुर शिक्षा विभाग पिछले कुछ समय से लगातार विवादों में रहा है। हाल ही में विभाग में 98.12 लाख रुपये के वेतन गबन का मामला सामने आया था। इस प्रकरण के बाद तत्कालीन जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) और डीपीओ को निलंबित किया गया था। इसके बाद विभाग में नए पदाधिकारियों की तैनाती हुई थी।
ऐसे में एमडीएम डीपीएम की रिश्वत लेते गिरफ्तारी ने एक बार फिर शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।


