एनआईए ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेज की घेराबंदी, गोपी खान और ऋतिक खान की तलाश में पहले जारी हुआ था लुक आउट सर्कुलर; विदेश भागने की कोशिश में भाई बंटी खान भी हो चुका है गिरफ्तार
Ranchi News: कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के आपराधिक नेटवर्क पर जांच एजेंसियों ने शिकंजा कसना तेज कर दिया है। अब उसके करीबियों के खिलाफ भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई शुरू हो गई है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने प्रिंस खान के भाई गोपी खान और साले ऋतिक खान के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है। दोनों के दुबई में छिपे होने की आशंका जताई जा रही है। इससे पहले दोनों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया था।

वासेपुर से शुरू हुआ प्रिंस खान का आपराधिक नेटवर्क लंबे समय से धनबाद पुलिस और जांच एजेंसियों के निशाने पर है। इस गिरोह पर धनबाद के कारोबारियों को धमकी देने, रंगदारी मांगने और गोलीबारी जैसी आपराधिक घटनाओं में शामिल होने के आरोप लगते रहे हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह से जुड़े लोग विदेश में बैठकर भी आपराधिक गतिविधियों को संचालित करने की कोशिश कर रहे हैं।
धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने शनिवार को बताया कि प्रिंस खान के नेटवर्क से जुड़े गोपी खान और ऋतिक खान की तलाश में एनआईए ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है। माना जा रहा है कि इस कदम से विदेश में मौजूद दोनों आरोपितों की तलाश और गिरफ्तारी की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
अगस्त में जारी हुआ था लुक आउट सर्कुलर
जानकारी के अनुसार, धनबाद पुलिस दोनों आरोपितों के खिलाफ पहले भी कार्रवाई कर चुकी है। अगस्त 2026 में ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन की ओर से गोपी खान और ऋतिक खान के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया था। अब रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद उनकी तलाश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेज हो गई है।
विदेश भागने की कोशिश में गिरफ्तार हो चुका है बंटी खान
इससे पहले प्रिंस खान के भाई बंटी खान को भी धनबाद पुलिस ने विदेश भागने की कोशिश के दौरान गिरफ्तार किया था। उसे 14 सितंबर को गिरफ्तार कर धनबाद लाया गया था। बताया गया था कि बंटी खान पाकिस्तान भागने की फिराक में था।
रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद अब जांच एजेंसियों की नजर गोपी खान और ऋतिक खान की गतिविधियों पर है। माना जा रहा है कि इस कार्रवाई से प्रिंस खान के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर शिकंजा कसने में मदद मिल सकती है।


