Bihar News : दरभंगा जिले के पतोर थाना क्षेत्र स्थित चंचल नगर में मंगलवार को बाउंड्री वॉल निर्माण के दौरान हुए संदिग्ध विस्फोट से इलाके में दहशत फैल गई। घटना में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे
इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
घटना चंचल नगर में निर्माणाधीन चारदीवारी के पास हुई। पुलिस के अनुसार, मजदूर निर्माण कार्य के दौरान स्ट्रिंग खोलने का काम कर रहे थे। इसी दौरान लोहे की रॉड में टंगा एक झोला दिखाई दिया। मजदूरों ने जब झोले को हटाने की कोशिश की, तभी अचानक जोरदार धमाका हो गया।
विस्फोट इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल मजदूरों को तत्काल इलाज के लिए डीएमसीएच भेजा गया। घायलों की पहचान चंचल नगर निवासी लक्ष्मी पासवान के पुत्र रामबाबू पासवान और सियाकांत के पुत्र भोला पासवान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों मजदूरों में एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस जमीन विवाद के पहलू को भी खंगाल रही है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने अभी तक विस्फोट के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस जमीन पर चारदीवारी का निर्माण किया जा रहा था, वह मोहम्मद शाहिद की बताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2008 में मोहम्मद शाहिद ने मोहम्मद शेर मोहम्मद से जमीन खरीदी थी, लेकिन वर्ष 2025 में उसी जमीन की दोबारा रजिस्ट्री डॉ. रफीक के नाम किए जाने के बाद विवाद बढ़ गया।
स्थानीय लोगों को आशंका है कि विस्फोट की घटना का संबंध इसी पुराने जमीन विवाद से हो सकता है। हालांकि पुलिस सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि झोले में विस्फोटक किसने रखा, घटना को अंजाम देने का उद्देश्य क्या था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही विस्फोट के पीछे की वास्तविक वजह और दोषियों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।


