Patna News: बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री एवं आधुनिक बिहार के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती पर बुधवार को पटना स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि डॉ. श्रीकृष्ण सिंह का संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता, लोकतांत्रिक मूल्यों और बिहार के विकास के प्रति समर्पित रहा। अपने दूरदर्शी नेतृत्व और जनकल्याणकारी सोच के माध्यम से उन्होंने आधुनिक बिहार के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण सिंह का जीवन समाज के कमजोर, वंचित और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही और आजादी के बाद उन्होंने बिहार को विकास की राह पर आगे बढ़ाने के लिए उल्लेखनीय कार्य किए।
आज भी प्रासंगिक हैं श्रीकृष्ण सिंह के विचार
राजेश राम ने कहा कि श्रीकृष्ण सिंह के आदर्श, विचार और जनसेवा की भावना आज भी प्रासंगिक हैं। उनके बताए रास्ते पर चलकर लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और समाज में आपसी सद्भाव कायम रखने की दिशा में काम किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि बिहार के विकास और सामाजिक समरसता के लिए श्रीकृष्ण सिंह के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनकी जयंती केवल श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं, बल्कि उनके विचारों को आत्मसात करने और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने का भी दिन है।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किया नमन
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह, अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव, ब्रजेश प्रसाद मुनन, चंद्रप्रकाश सिंह, ब्रजेश पांडेय, पंकज यादव, वैद्यनाथ शर्मा, डॉ. संजय यादव, डॉ. अमन कुमार, संजय कुमार पांडेय, सूरज सिंह यादव, अरविंद लाल रजक, कुमारी अनिता, निधि पांडेय, अरुण पाठक, डॉ. आशुतोष शर्मा, विशाल यादव, उमर सैफुल्लाह खां, निरंजन कुमार, मिथिलेश कुमार निषाद, डॉ. सत्येंद्र कुमार, धर्मवीर शुक्ला, डॉ. प्रमोद पांडेय, वसीम अहमद, शैली विनोद, विंध्याचल आनंद, नवलेश कुमार सिंह और डॉ. अशोक शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने श्रीकृष्ण सिंह के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने और बिहार के विकास तथा सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।


