Patna News:- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को अपने आवास पर आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत 1 करोड़ 12 लाख से अधिक पेंशनधारियों के बैंक खातों में 1247.34 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजी। यह राशि जुलाई माह की पेंशन के रूप में प्रत्येक लाभुक को 1100 रुपये के हिसाब से दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के कमजोर तबकों — वृद्धजन, दिव्यांगजन और विधवा महिलाओं — को समय पर पेंशन की राशि मिले, इसके लिए प्रत्येक माह की 10 तारीख को भुगतान करने का निर्देश पहले ही दिया जा चुका है। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि कोई भी योग्य पेंशनधारी योजना से वंचित न रहे और जो छूटे हैं उन्हें तुरंत लाभान्वित किया जाए।
राज्य सरकार ने जून 2025 से पेंशन राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये प्रतिमाह करने का फैसला लिया था। इसके तहत 11 जुलाई को 1 करोड़ 11 लाख लाभुकों को जून माह की पेंशन राशि उनके खातों में भेजी गई थी, जिस पर सरकार ने 1227 करोड़ रुपये खर्च किए थे। जुलाई में लाभुकों की संख्या बढ़कर 1 करोड़ 12 लाख हो गई, जिसमें लगभग 1 लाख नए पेंशनधारी जोड़े गए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 24 नवंबर 2005 से सत्ता में आने के बाद उनकी सरकार ने विकास के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों के उत्थान पर विशेष ध्यान दिया है। कमजोर तबकों की मदद के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं, जिनमें सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना महत्वपूर्ण है।
वर्तमान में बिहार में 06 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं संचालित हो रही हैं, जिनमें 03 केंद्र सरकार की और 03 राज्य सरकार की योजनाएं हैं। केंद्र की योजनाओं में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना शामिल हैं। राज्य की योजनाओं में लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, बिहार निःशक्तता पेंशन योजना और मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना लागू है।


