Bihar News: बिहार के विद्यार्थियों के लिए डिजिटल शिक्षा की दिशा में राज्य सरकार ने एक नई पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों में ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप का शुभारंभ किया। इस प्लेटफॉर्म के जरिए कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को 24 घंटे, सातों दिन निःशुल्क लाइव शिक्षक सहायता उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में ‘बिहार विद्या साथी’ महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से विद्यार्थी अपनी सुविधा के अनुसार कभी भी और कहीं से भी पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे। विद्यार्थी अपनी पसंद के शिक्षक का चयन कर वन-टू-वन लाइव संवाद के माध्यम से पढ़ाई कर सकेंगे।
यह सुविधा राज्य के 38 जिलों के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों के करीब तीन लाख विद्यार्थियों को मिलेगी। इसके लिए करीब 75 हजार शिक्षक ऑनलाइन उपलब्ध रहेंगे, जो विद्यार्थियों को व्यक्तिगत शैक्षणिक सहयोग प्रदान करेंगे। पढ़ाई के दौरान किसी अध्याय या विषय से जुड़ी समस्या होने पर विद्यार्थियों को तत्काल और निःशुल्क समाधान मिल सकेगा।
कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों के लिए सभी विषयों में लाइव ट्यूटर सपोर्ट उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं कक्षा 11वीं और 12वीं के विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को बिहार बोर्ड के साथ JEE और NEET की तैयारी के लिए डिजिटल अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्लेटफॉर्म में आधुनिक AI टूल्स का इस्तेमाल किया गया है। इससे विद्यार्थियों को कॉन्सेप्ट लर्निंग और अभ्यास में मदद मिलेगी। साथ ही विद्यार्थियों को असीमित अध्ययन की सुविधा उपलब्ध होगी। सरकार की योजना भविष्य में इस डिजिटल शिक्षा व्यवस्था को राज्य के अन्य विद्यालयों तक भी विस्तारित करने की है।
सम्राट चौधरी ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थी जहां भी हों और जब भी पढ़ाई करें, उन्हें अपने सवालों का जवाब और शिक्षक का मार्गदर्शन आसानी से उपलब्ध हो।
कार्यक्रम के दौरान ‘बिहार विद्या साथी’ ऐप पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर की छात्राओं जाह्नवी और जिया ने ऐप के इस्तेमाल का डेमो प्रस्तुत किया और इसकी सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी और विद्यार्थी भी कार्यक्रम से जुड़े।


