Partna News:- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि इस बार लक्ष्य सिर्फ सरकार बनाने का नहीं, बल्कि दो-तिहाई से अधिक बहुमत वाली मजबूत राजग सरकार बनाने का है। गुरुवार को पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद शाह ने डेहरी-ऑन-सोन में शाहाबाद और मगध प्रक्षेत्र के 10 जिलों के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा और जदयू कार्यकर्ता संकल्प लें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बिहार को विकास के रास्ते पर और आगे ले जाएंगे।
सभा में शाह ने सवाल दागते हुए कहा – “क्या घुसपैठियों को वोट का अधिकार होना चाहिए? क्या उन्हें राशन और आयुष्मान कार्ड मिलना चाहिए?” भीड़ ने एक स्वर में “नहीं” में जवाब दिया। इस पर शाह ने कहा, “ये लोग आएंगे तो घुसपैठ बढ़ाएंगे, राजग आएगा तो बिहार को बढ़ाएगा।”
उन्होंने जोर देकर कहा कि इस बार शाहाबाद क्षेत्र की 80 प्रतिशत सीटें राजग को जीतनी होंगी। शाह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा जैसी पार्टी में कार्यकर्ता ही असली ताकत हैं। “यहां बूथ स्तर का कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है। हमारे लिए देश पहले है, उसके बाद पार्टी और फिर कार्यकर्ता। मोदी जी ने कभी अपने या परिवार के बारे में नहीं सोचा।”
शाह ने नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और उनकी कार्यशैली की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि मोदी ने पिछले 24 सालों में एक भी छुट्टी नहीं ली और लगातार दिन-रात देश की सेवा की।
नीतीश-मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि 2014 से 2024 के बीच बिहार को 9 लाख 85 हजार करोड़ रुपये मिले हैं। राज्य में 125 यूनिट फ्री बिजली, दिव्यांगों को बढ़ी हुई पेंशन, आशा वर्करों का मानदेय और रसोई व शारीरिक शिक्षकों को लाभ राजग सरकार की बड़ी उपलब्धियां हैं।
लालू प्रसाद यादव पर सीधा हमला बोलते हुए शाह ने कहा कि उन्होंने चारा घोटाला, लैंड फॉर जॉब स्कैम और जेल में भी घोटाला किया। “इतने भ्रष्टाचार के दागदार नेता बिहार का भला नहीं कर सकते। एक तरफ भ्रष्टाचार वाली सरकार है और दूसरी तरफ मोदी जी की सरकार है, जिसपर एक भी दाग नहीं।”
सभा में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री प्रेम कुमार, संतोष कुमार और विनोद तावड़े भी मौजूद थे।


