Patna News:- नई दिल्ली में आयोजित स्कॉच अवार्ड्स के 102वें संस्करण में बिहार कृषि विभाग को प्रतिष्ठित स्कॉच गोल्ड अवार्ड 2025 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान राज्य सरकार द्वारा विकसित अभिनव “बिहार कृषि ऐप” को प्रदान किया गया, जो किसानों की सुविधा, सशक्तिकरण और कृषि क्षेत्र में डिजिटल नवाचार के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है।
बिहार कृषि ऐप राज्य के किसानों के लिए एकीकृत डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म है। यह ऐप किसानों को खेती से संबंधित सभी आवश्यक और उपयोगी जानकारियाँ एक ही मंच पर उपलब्ध कराता है। इसके माध्यम से किसान फसल प्रबंधन की आधुनिक तकनीक, सरकारी योजनाओं की ताज़ा जानकारी, बाजार भाव, प्रशिक्षण सामग्री और तकनीकी सहायता जैसी सेवाएं सीधे प्राप्त कर सकते हैं।
इस पहल ने राज्य के लाखों किसानों को कृषि संबंधी नवीनतम जानकारी और सेवाओं तक सरल और तेज़ पहुंच प्रदान की है। ऐप के माध्यम से किसानों को खेती की नई तकनीक, सरकारी योजनाओं का लाभ और बाजार की जानकारी समय पर मिलती है, जिससे उनकी आय और उत्पादकता में सुधार हो रहा है।
इस अवसर पर बिहार कृषि विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार ने कहा,
“बिहार कृषि ऐप को स्कॉच गोल्ड अवार्ड 2025 से सम्मानित किया जाना बिहार सरकार की किसानों के उत्थान के लिए की गई डिजिटल पहल की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह ऐप किसानों को योजनाओं की जानकारी, फसल प्रबंधन और तकनीकी मार्गदर्शन जैसी अनेक सेवाएं उपलब्ध कराता है।”
विशेषज्ञों का कहना है कि डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म के माध्यम से किसानों को जानकारी की आसान पहुँच मिलने से कृषि क्षेत्र में तकनीकी नवाचार और पारदर्शिता बढ़ रही है। इस ऐप ने राज्य सरकार की ग्रामीण विकास और किसान सशक्तिकरण की दिशा में की गई पहलों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दिलाई है।
बिहार कृषि ऐप का यह सम्मान राज्य के किसानों के लिए सशक्तिकरण और डिजिटल खेती में नए आयाम खोलने वाला कदम साबित होगा।

