Jharkhand News: धनबाद जिले के केंदुआ क्षेत्र में एक बार फिर भू-धंसान (गोफ) की घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही तेज बारिश के बीच धनबाद–बोकारो मुख्य मार्ग पर पहले से मौजूद गोफ के बगल में नया धंसान हो गया है। इस नए गोफ में तेजी से बारिश का पानी भर रहा है, जिससे इसका दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है और पूरी सड़क अब गंभीर खतरे की जद में आ चुकी है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन इस मुख्य मार्ग को दोनों ओर से बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया है। इसके चलते इस मार्ग पर पूरी तरह से आवागमन ठप हो गया है। सड़क बंद होने से न सिर्फ स्थानीय लोगों को बल्कि दूर-दराज से आने-जाने वाले यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों में इस घटना को लेकर डर और दहशत का माहौल बना हुआ है।
लगातार हो रही भू-धंसान की घटनाओं ने इलाके के जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। यह सड़क पिछले करीब 15 दिनों से बंद है और यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया गया है, जिससे यात्रा लंबी और कठिन हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या के समाधान में लगातार देरी हो रही है, जिससे उनकी मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।
इस मामले को लेकर जनप्रतिनिधियों ने भी नाराजगी जताई है। भाजपा विधायक राज सिन्हा, भाकपा माले के अरुप चटर्जी और आजसू नेता मंटू महतो समेत कई नेताओं ने जिला प्रशासन और बीसीसीएल पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत और सुरक्षा के उपाय नहीं किए गए, तो आंदोलन किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, इसी स्थान पर 15 अप्रैल को भी सड़क धंस गई थी। इससे पहले, 31 नवंबर की रात भूमिगत खदान में हुए विस्फोट के बाद जहरीली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस का रिसाव शुरू हो गया था, जिसमें तीन लोगों की जान जा चुकी है। यह घटना आज भी लोगों के जेहन में ताजा है और वर्तमान हालात ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है।
बीसीसीएल प्रबंधन का कहना है कि लगातार बारिश के कारण जमीन कमजोर हो रही है, जिससे भू-धंसान का खतरा और बढ़ सकता है। उन्होंने प्रभावित इलाके के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है और चेतावनी दी है कि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।


