Dhanbad News: जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने चार मजदूरों की जान ले ली। यह हादसा मुनीडीह ओपी क्षेत्र स्थित भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के मुनीडीह कोल वाशरी प्रोजेक्ट में हुआ, जहां ट्रक में कोयला डस्ट (स्लरी) लोडिंग के दौरान अचानक भारी मात्रा में स्लरी गिर गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मजदूर सामान्य तरीके से लोडिंग कार्य में लगे हुए थे, तभी अचानक ऊपर से बड़ी मात्रा में कोयला डस्ट भरभरा कर गिर पड़ा। इस अप्रत्याशित घटना में वहां काम कर रहे चार मजदूर इसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही दब गए। हादसे के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद अन्य मजदूरों और स्थानीय ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। बिना किसी उपकरण के उन्होंने मलबे में दबे मजदूरों को निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। बाद में प्रशासन और सुरक्षा बलों की टीम मौके पर पहुंची और आधिकारिक रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन ने बताया कि इस हादसे में माणिक बाउरी, दिनेश बाउरी, दीपक बाउरी और हेमलाल गोप की मौत हो गई है। सभी मृतक स्थानीय मजदूर थे और रोजी-रोटी के लिए इस प्रोजेक्ट में काम कर रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सीआईएसएफ और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। लेकिन हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला। मृतकों के परिजन और ग्रामीणों ने शवों को मुनीडीह कोल वाशरी गेट के सामने रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बीसीसीएल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी और उचित निगरानी के अभाव में यह हादसा हुआ है। परिजन मृतकों के लिए उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल प्रशासन लोगों को समझाने और स्थिति को शांत कराने में जुटा है। इस हादसे ने एक बार फिर खनन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और मजदूरों की कार्य स्थितियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


