Dhanbad News: भूली मोड़ इलाके में सोमवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से सनसनी फैल गई। पूर्वाह्न करीब 10:30 बजे अज्ञात अपराधियों ने गैंगस्टर फहीम खान के भाई सानू खान और उसके साथ मौजूद सद्दाम पर अचानक फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों घायल हो गए। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सानू खान और सद्दाम किसी काम से भूली मोड़ क्षेत्र में पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने दोनों को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। अचानक गोलियों की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। घटना के बाद कुछ देर तक मौके पर दहशत का माहौल बना रहा।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सानू खान को असर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि सद्दाम का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। दोनों की स्थिति को लेकर फिलहाल पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से 7 खोखे बरामद किए हैं। इसके अलावा आसपास के इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि CCTV फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण सुराग मिल सकता है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गोलीबारी के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। घटना में शामिल अपराधियों की पहचान और वारदात के पीछे की वजह जानने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी के बाद भूली मोड़ और आसपास के इलाकों में सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और हमलावरों तक पहुंचने के लिए CCTV फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।


