Bihar News: बिहार के भागलपुर में स्थित विक्रमशिला सेतु एक बार फिर सुरक्षा को लेकर चर्चा में आ गया है। सोमवार देर रात लगभग 12:50 बजे पुल के पिलर संख्या 133 के पास सड़क का एक बड़ा स्लैब अचानक टूटकर गंगा नदी में गिर गया। इस घटना ने प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते पुलिस और प्रशासन की सक्रियता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के समय पुल पर कई वाहन गुजर रहे थे, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए वाहनों को पीछे हटाया और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। यदि थोड़ी भी देर होती तो यह हादसा गंभीर रूप ले सकता था।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विक्रमशिला सेतु पर आवागमन को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। पुल के दोनों सिरों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है, ताकि कोई भी वाहन या व्यक्ति अनजाने में पुल पर न चढ़ सके।
प्रशासन ने तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को बुलाया है, जो पुल की संरचना और क्षति का विस्तृत निरीक्षण करेगी। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई और मरम्मत का निर्णय लिया जाएगा।
वहीं, एसएसपी प्रमोद यादव ने बताया कि सभी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जा रहा है। अब भागलपुर से नवगछिया, कटिहार और सीमांचल की ओर जाने वाले यात्रियों को मुंगेर और सुल्तानगंज के रास्ते लंबा सफर तय करना पड़ेगा। इससे आम लोगों को असुविधा के साथ-साथ समय और ईंधन की अतिरिक्त लागत भी उठानी पड़ेगी।
गौरतलब है कि विक्रमशिला सेतु उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण जीवनरेखा है। इसके बंद होने से न केवल दैनिक आवागमन प्रभावित होगा, बल्कि व्यापार और आपूर्ति व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है। स्थानीय लोगों ने पुल की समय-समय पर मरम्मत और निगरानी की मांग तेज कर दी है।


