Bhagalpur News: गंगा के बढ़ते जलस्तर के साथ भागलपुर जिले में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। कई पंचायतों और गांवों में बाढ़ का पानी फैलने से लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित है। कहीं सड़कें डूब गई हैं तो कहीं गांवों का मुख्य मार्गों से संपर्क टूट गया है। ऐसे मुश्किल वक्त में भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडे की जमीनी सक्रियता और संवेदनशीलता की तस्वीर सामने आई है।
बाढ़ प्रभावित लोगों का हाल जानने के लिए डीएम खुद ग्राउंड जीरो पर पहुंचीं। जिन इलाकों में सामान्य वाहनों से पहुंचना मुश्किल था, वहां उन्होंने ट्रैक्टर का सहारा लिया। वहीं, पानी अधिक होने पर सरकारी वाहन छोड़कर नंगे पांव पानी के बीच उतरकर लोगों तक पहुंचीं। डीएम के साथ शाहकुंड की अंचलाधिकारी हर्षा कोमल भी राहत और बचाव कार्यों की निगरानी में जुटी रहीं।
बताया गया कि जिले की 86 से अधिक पंचायतें बाढ़ से प्रभावित हैं। नवगछिया, शाहकुंड और भागलपुर के शहरी क्षेत्र समेत कई इलाकों में बाढ़ का पानी फैल चुका है। कई गांवों का सड़क संपर्क बाधित होने के कारण राहत सामग्री पहुंचाना भी चुनौती बना हुआ है। ऐसे में अधिकारियों का सीधे प्रभावित इलाकों तक पहुंचना लोगों के लिए राहत और भरोसे का संदेश है।
डीएम अलंकृता पांडे ने प्रभावित इलाकों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने राहत सामग्री, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता का जायजा लिया। साथ ही मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
शाहकुंड की सीओ हर्षा कोमल ने भी प्रशासनिक टीम के साथ खुलनी, पैरडो मोमिन्या माल, बेलथू, खैरा, मकंदपुर और दरियापुर जैसी प्रभावित पंचायतों का निरीक्षण किया। टीम ने ग्रामीणों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिकारियों से कहा कि आपदा के समय सिर्फ कागजी कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि राहत कार्य जमीन पर दिखाई देना चाहिए। प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सामग्री और सुविधाएं समय पर पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
बाढ़ के बीच डीएम का खुद पानी में उतरकर लोगों तक पहुंचना ग्रामीणों के लिए महज एक प्रशासनिक दौरा नहीं रहा। इससे उन्हें यह भरोसा मिला कि संकट की इस घड़ी में प्रशासन उनके साथ खड़ा है। कठिन परिस्थितियों के बीच डीएम और उनकी टीम की सक्रियता को लेकर स्थानीय स्तर पर भी सकारात्मक चर्चा हो रही है।


