Bhagalpur: जिले में गंगा के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि का असर दिखने लगा है। जिले के सबौर, सुल्तानगंज, गोराडीह प्रखंड के अलावा नवगछिया में बाढ़ का पानी कई गांवों में घुस चुका है। सबौर प्रखंड के बाबूपुर, राजांदीपुर, संत नगर, बगडेर, इंग्लिश, मशाढ़ू सहित अन्य कई गांव में घरों में पानी घुसने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लोग अपने घर का सामान बचाने की जद्दोजहद में लगे हुए हैं।
एनएच 80 के उत्तरी और दक्षिणी दिशा में भी पानी भर गया है। हजारों एकड़ खेतों में लगा फसल पानी में डूब गया ह। पशुपालक मवेशियों को लेकर प्रखंड कार्यालय परिसर में जा रहे हैं। अंचल प्रशासन की ओर से बाढ़ पीड़ितों के लिए अभी तक नाव की व्यवस्था नहीं कराई गई है। इसको लेकर ग्रामीणों में रोष देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि अभी तक जिला प्रशासन के तरफ से हम लोगों को किसी तरह का कोई सुविधा नहीं मिला है। जिससे कि हम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। हम लोग जान जोखिम में डालकर टिन से बने नाव के सहारे आवागमन कर रहे हैं। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय क्षेत्र की स्थिति भी बाढ़ से बदहाल है। विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर लगभग दो फीट पानी बह रहा है। विश्वविद्यालय परिसर में भी बाढ़् का पानी घुस चुका है।
जमालपुर-भागलपुर रेलखंड पर चढ़ा बाढ़ का पानी, कई ट्रेनें रद्द
पड़ाेसी देश नेपाल से छाेड़े गये बारिश के पानी से बिहार की राजधानी सहित कई जिले के नीचले इलाके में बाढ़ की स्थिति है। मुंगेर जिले में बाढ़ का कहर अब रेल ट्रैक पर भी दिखने लगा है। जमालपुर-भागलपुर रेलखंड पर बरियारपुर-रतनपुर-सुल्तानगंज स्टेशन के बीच रेल पुल संख्या 195 के गार्डर के पास गंगा का पानी पहुंच गया है। कई जगह पानी अब पटरी को छूने वाला है।
रेल प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से इस रेलखंड की कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है और कुछ का मार्ग परिवर्तन किया है। जमालपुर स्टेशन पर रेलवे लगातार माइकिंग कर रही है कि रेलवे ट्रेक पर बाढ़ का पानी आ जाने के कारण भागलपुर की और जाने वाली और भागलपुर की और से जमालपुर आने वाले रूट को बंद कर दिया है।
रेल रूट बंद हो जाने से लोगों को काफी परेशानी का समाना करना पड़ रहा है और परिचालन शुरू होने का इंतजार कर रहे है। यात्रियों ने कहा कि स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने आए थे लेकिन सूचना मिली की बाढ़ का पानी ट्रैक पर चढ़ जाने के कारण जमालपुर-भागलपुर रूट को फिलहाल बंद कर दिया गया है। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि जमालपुर-भागलपुर रेलखंड के सुलतानगंज और रतनपुर स्टेशनों के मध्य पुल सं.-195 के ग्रिडर तक बाढ़ का पानी पहुंच जाने से ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया है।


