Banka News: जिले में रविवार को हुई तेज बारिश और वज्रपात ने कई परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। जिले के अमरपुर, बांका, रजौन और बाराहाट थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर आसमानी बिजली गिरने से पिता-पुत्र समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों में तीन की हालत नाजुक होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है। अधिकांश हादसे उस समय हुए, जब किसान और मजदूर खेतों में धान की रोपाई कर रहे थे।
रजौन थाना क्षेत्र में वज्रपात की चपेट में आने से चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
अमरपुर थाना क्षेत्र के सलेमपुर राय बहियार में धान की रोपाई कर रहे मजदूर अजय महतो की वज्रपात से मौत हो गई। बताया गया कि खेत के पास स्थित एक पेड़ पर बिजली गिरने के बाद उसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीण आनन-फानन में उन्हें अमरपुर रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर अंचल अधिकारी आकाशदीप सिन्हा अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। अजय महतो अपने पीछे पत्नी रीना देवी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं।
सबसे दर्दनाक घटना बांका थाना क्षेत्र के खावा गांव में हुई, जहां खेत में काम कर रहे ब्रह्मदेव यादव (35) और उनके सात वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार की वज्रपात से मौके पर ही मौत हो गई। रविवार होने के कारण प्रिंस अपने पिता के साथ खेत गया था। अचानक मौसम खराब होने के बाद बिजली गिरने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीण उन्हें सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।
इसी थाना क्षेत्र के गोलहू गांव में धान रोपाई के दौरान विनोद यादव (35) की भी वज्रपात से मौत हो गई। वहीं बाराहाट थाना क्षेत्र के डफरपुर गांव में खेती करने गए किसान साधु ताती की भी आसमानी बिजली की चपेट में आने से जान चली गई। उन्हें बाराहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटनाओं की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने सरकार से आपदा राहत कोष के तहत शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है। लगातार हुई इन घटनाओं के बाद पूरे जिले में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खेतों और खुले स्थानों पर जाने से बचने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।


