Dhanbad News: बलियापुर के ढांगी पहाड़ी की तलहटी से मिले सिर कटे नाबालिग गर्भवती किशोरी के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार किशोरी ने प्रेम विवाह किया था, जिससे उसके ससुर संतोष रवानी नाराज थे। आरोप है कि इसी नाराजगी में युवती की हत्या की साजिश रची गई और वारदात के बाद शव को ठिकाने लगाने तथा साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया।
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने रविवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार के अलावा मृतका की चप्पल, पूजा सामग्री और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है।
11 सितंबर को मिला था सिर कटा शव
बलियापुर थाना पुलिस को 11 सितंबर को सूचना मिली थी कि ढांगी पहाड़ी की तलहटी के पास एक युवती का सिर कटा शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक बोरे में युवती का सिर भी बरामद किया गया।
मृतका के पिता संदीप रवानी ने शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की। उन्होंने पुलिस को बताया कि बेटी 9 सितंबर से लापता थी। उसके लापता होने की जानकारी उन्हें दामाद कृष रवानी ने फोन कर दी थी। इसके बाद पिता के लिखित आवेदन पर बलियापुर थाना में हत्या और साक्ष्य छिपाने समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्य से पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर सिंदरी एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल से जुड़े सुराग, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसके बाद पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राजगंज थाना क्षेत्र के डोमनपुर निवासी जयराम रवानी, बलियापुर के प्रधानखंता निवासी किशोर महतो, करमाटांड़ निवासी आलोमनी देवी और राम प्रसाद रजवार के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आयी साजिश की बात
पुलिस कि पूछताछ के दौरान आरोपितों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। जांच के दौरान सामने आया कि संतोष रवानी के पुत्र कृष रवानी ने मृतका से प्रेम विवाह किया था। बताया गया कि यह विवाह संतोष रवानी को मंजूर नहीं था। पुलिस के अनुसार इसी विवाद को हत्या की साजिश की मुख्य वजह माना जा रहा है।
पुलिस ने करीब दो बित्ता सात अंगुल लंबे धारदार छुरे के साथ मृतका की चप्पल, पूजा सामग्री और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अब फरार आरोपितों की भूमिका की जांच करते हुए उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।


