Jharkhand News : रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले में जमीन विवाद ने एक सरकारी अधिकारी की जान ले ली। गिरिडीह में पदस्थापित सब रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की मंगलवार सुबह मांडू थाना क्षेत्र के रबोध गांव में कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बालेश्वर पटेल ने मई महीने में अपने पैतृक गांव रबोध में 11 डिसमिल जमीन खरीदी थी। यह जमीन उन्होंने महेश
प्रसाद से रजिस्ट्री कराई थी। हाल ही में वे उस जमीन पर मकान निर्माण की तैयारी कर रहे थे। मंगलवार सुबह वे सबमर्सिबल पंप लगाने और पाइप बिछाने का कार्य करा रहे थे। इसी दौरान जमीन को लेकर विवाद शुरू हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि गांव के ही लगभग एक दर्जन महिला और पुरुष मौके पर पहुंचे और बालेश्वर पटेल पर हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों के साथ ईंट से भी उनके सिर पर वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें तुरंत रामगढ़ स्थित होप हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलने पर मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो अस्पताल पहुंचे। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब एक सरकारी अधिकारी ही सुरक्षित नहीं है, तो आम लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने इस जघन्य हत्या के सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
उधर, मांडू थाना प्रभारी सदानंद ने बताया कि पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। अन्य नामजद और संदिग्ध आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


