PALAMU NEWS : झारखंड के पलामू जिले में छठ पर्व के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। मेदिनीनगर-औरंगाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग-98 पर नावा बाजार थाना क्षेत्र के कंडा स्थित पलामू लाइन होटल के सामने शनिवार को अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो दोस्तों की मौके पर ही मौ/त हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, मृतकों के घरों में मातम पसरा हुआ है।
ट्रक की टक्कर से सड़क पर गिरे तीनों युवक

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान नावा बाजार थाना क्षेत्र के तुकबेरा गांव निवासी राजन कुमार भुइयां (21) और सुनील कुमार (20) के रूप में हुई है। वहीं, दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान छतरपुर थाना क्षेत्र के तेलारी गांव निवासी सोनू कुमार (21) के रूप में की गई है। घायल सोनू को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीनों युवक बाइक संख्या जेएच03एवाई 0811 से जा रहे थे। इसी दौरान कंडा के पास ब्रेकर पर बाइक की रफ्तार धीमी हुई। तभी पीछे से तेज गति में आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
सोनू के घर जा रहे थे तीनों दोस्त
परिजनों ने बताया कि तीनों युवक शनिवार सुबह अपने घरों से निकले थे और सोनू कुमार के घर जा रहे थे। राजन के भाई के अनुसार, राजन मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। सुनील और सोनू भी मजदूरी करते थे। तीनों युवकों की उम्र कम थी और किसी की शादी नहीं हुई थी। अचानक हुए हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि दुर्घटना के समय तीनों युवक कथित तौर पर नशे की हालत में थे। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस ने शुरू की दुर्घटना की जांच
घटना की सूचना मिलते ही नावा बाजार थाना प्रभारी संजय कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेजा और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
एमएमसीएच की अस्पताल पुलिस चौकी में तैनात महेंद्र कुमार ने मृतकों के मोबाइल फोन के माध्यम से उनके परिजनों से संपर्क किया। परिजनों के अस्पताल पहुंचने पर दोनों युवकों की पहचान सुनिश्चित हुई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना में शामिल अज्ञात ट्रक और उसके चालक की पहचान करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।


