रांची, 23 अगस्त (हि.स.)। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने छात्रों के आंदोलन और उनके खिलाफ हुई कार्रवाई को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी देश के विभिन्न हिस्सों में छात्रों के अधिकारों और उनके मुद्दों को लेकर आवाज उठाते हैं, लेकिन झारखंड में छात्रों के साथ हुई कार्रवाई पर उनकी चुप्पी क्यों है।
बाबूलाल मरांडी ने रविवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर राहुल गांधी से कई सवाल किए। उन्होंने कहा कि झारखंड में कांग्रेस गठबंधन की सरकार है। ऐसे में राज्य में छात्रों के साथ हुए व्यवहार पर राहुल गांधी को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। मरांडी ने आरोप लगाया कि विधानसभा घेराव के लिए शांतिपूर्ण तरीके से मार्च कर रहे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि छात्रों की ओर से पहले से घोषित पुतला दहन कार्यक्रमों के दौरान भी पुलिस और सत्ताधारी दल से जुड़े लोगों की ओर से कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि छात्र अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे हैं और सरकार को उनकी बात सुनने के बजाय उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं करनी चाहिए।
मरांडी के मुताबिक झारखंड के युवा अपने भविष्य, रोजगार और नौकरी के अवसरों को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की नीतियों और नौकरी से जुड़ी प्रक्रियाओं को लेकर छात्रों और अभ्यर्थियों में असंतोष बढ़ रहा है। उनका कहना है कि युवाओं के बीच सरकार के प्रति भरोसा कमजोर हो रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने राहुल गांधी से सवाल किया कि जब वह देश के दूसरे राज्यों में छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं, तो झारखंड के छात्रों के मामले में उनकी आवाज क्यों नहीं सुनाई दे रही है। उन्होंने इसे कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर बताते हुए राहुल गांधी पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड की जनता सरकार और विपक्ष, दोनों की भूमिका को देख रही है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में नेताओं के बयान और उनके व्यवहार में समानता होनी चाहिए। इसी क्रम में उन्होंने राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक तंज कसते हुए उन्हें ‘ठग मास्टर’ कहा।
मरांडी के बयान के बाद झारखंड में छात्रों के आंदोलन, रोजगार और पुलिस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक बहस और तेज होने के संकेत हैं।


