अररिया में रिश्तों का खौफनाक अंत: अवैध संबंध के शक में सास और दामाद पर बेटी की हत्या का आरोप
Araria News: जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अररिया आरएस थाना क्षेत्र के प्रेमनगर वार्ड संख्या-16 में एक 16 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उसकी मां और पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के पिता ने दोनों पर अवैध संबंध के कारण बेटी की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
घटना की जानकारी मंगलवार सुबह पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही आरएस थाना के थानाध्यक्ष अंकुर कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने मृतका की मां शाइस्ता परवीन और उसके पति अबू नसर को हिरासत में ले लिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने कई महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए।
मृतका साजिदा परवीन के पिता मुदशिर ने पुलिस को दिए बयान में दावा किया है कि उनकी पत्नी शाइस्ता परवीन का अपने दामाद अबू नसर के साथ पिछले कई वर्षों से अवैध संबंध था। उनका आरोप है कि उनकी बेटी ने कुछ समय पहले दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिसके बाद घर में अक्सर विवाद और कहासुनी होने लगी थी।
मुदशिर के अनुसार करीब डेढ़ वर्ष पूर्व उनकी नाबालिग बेटी की शादी उसकी इच्छा के विरुद्ध 35 वर्षीय अबू नसर से कराई गई थी। उन्होंने बताया कि बेटी इस विवाह के लिए तैयार नहीं थी और उन्होंने भी इसका विरोध किया था, लेकिन उनकी पत्नी ने दबाव बनाकर शादी करवा दी। पिता का आरोप है कि शादी के बाद भी मां और दामाद के बीच संबंध जारी रहे और दोनों अक्सर साथ रहते थे।
उन्होंने बताया कि सोमवार रात जब वह घर पर नहीं थे, तब उनकी पत्नी और दामाद ने फोन कर बताया कि साजिदा की तबीयत खराब हो गई है और उसे डॉक्टर के पास ले जाया जा रहा है। कुछ देर बाद जब वे लौटे तो बेटी बेहोशी की हालत में थी। आरोप है कि मां और दामाद लगातार उसके जल्द ठीक होने की बात कहते रहे, लेकिन देर रात अचानक उसकी मौत की सूचना दी गई।
मृतका के पिता का कहना है कि दोनों आरोपियों ने शव को जल्दबाजी में रात में ही दफनाने का दबाव बनाया, जिससे उन्हें संदेह हुआ। उन्होंने दफनाने से रोकते हुए पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला अवैध संबंधों से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।


