Araria News: जिले के भरगामा प्रखंड अंतर्गत खजुरी पंचायत के बलुआही टोला में गुरुवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। तालाब में नहाने के दौरान तीन किशोरियों की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक बच्चियों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे इलाके में मातम का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे की है। मृतक किशोरियों की पहचान बलुआही टोला निवासी उपेंद्र ऋषिदेव की 13 वर्षीय पुत्री रनिया कुमारी, फूलचंद ऋषिदेव की 14 वर्षीय पुत्री अंजली कुमारी और राजू ऋषिदेव की 14 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी के रूप में हुई है। तीनों बच्चियां महादलित परिवार से थीं और आपस में सहेलियां भी थीं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि तीनों किशोरियां दोपहर में गांव के आसपास जलावन चुनने गई थीं। भीषण गर्मी और उमस के कारण उन्होंने पास स्थित एक पोखर में नहाने का निर्णय लिया। नहाने के दौरान वे धीरे-धीरे तालाब के गहरे हिस्से में पहुंच गईं। तैरना नहीं आने और गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण तीनों पानी में डूबने लगीं।
जब तक आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी मिलती, तब तक काफी देर हो चुकी थी। ग्रामीणों ने तत्काल तालाब में उतरकर तीनों की तलाश शुरू की और कड़ी मशक्कत के बाद उनके शव बाहर निकाले। घटना की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन घटनास्थल पर पहुंचकर बेसुध हो गए और चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो उठा।
सूचना मिलने पर भरगामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटना के सभी पहलुओं की जांच भी शुरू कर दी गई है।
परिजनों ने बताया कि बच्चियां रोजाना की तरह जलावन इकट्ठा करने निकली थीं। किसी को अंदाजा नहीं था कि गर्मी से राहत पाने के लिए लिया गया एक छोटा-सा फैसला उनकी जिंदगी का आखिरी फैसला बन जाएगा। इस दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों से उनकी बेटियों को छीन लिया और पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाबों के आसपास सुरक्षा उपाय बढ़ाने और जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके।


