Araia News:- अररिया जिले के फारबिसगंज थाना क्षेत्र में ठेला लगाने के विवाद ने गुरुवार को भयावह रूप ले लिया, जहां एक के बाद एक दो लोगों की जान चली गई। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
जानकारी के अनुसार, कृषि उत्पादन बाजार समिति गेट संख्या-2 के पास ठेला लगाने को लेकर ठेला दुकानदार और पिकअप ड्राइवर के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि ठेला दुकानदार राहुल चौहान ने तेज धारदार हथियार से हमला कर पिकअप ड्राइवर नबी हुसैन की हत्या कर दी।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पास ही बन रहे गोदाम के समीप झाड़ियों में छिप गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। लेकिन इसके बाद मामला और बिगड़ गया।
जब पुलिस आरोपी को सुरक्षित स्थान पर ले जा रही थी, तभी आक्रोशित भीड़ ने पुलिस कस्टडी से आरोपी को छीन लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल आरोपी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। गुस्साए लोगों ने सुभाष चौक समेत कई स्थानों पर सड़क जाम कर दिया और आगजनी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने पुलिस पर सूचना देने के बावजूद देर से पहुंचने का आरोप लगाया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर एसडीएम अभय कुमार तिवारी, एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा और थानाध्यक्ष मनोज कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारी लगातार लोगों को समझाने में जुटे हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला ठेला लगाने के विवाद से जुड़ा है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और एफएसएल टीम की मदद ली जाएगी। साथ ही आरोपी की पिटाई में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।


