बीमार बेटी को डॉक्टर से दिखाने भागलपुर जा रहे थे, ट्रेन पकड़ने की जल्दी में पटरी पार करते समय हुआ हादसा
Bhagalpur News: सुल्तानगंज-भागलपुर रेलखंड पर अकबरनगर रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी और उनकी मासूम बेटी की मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर से भिट्टी गांव से लेकर अमरपुर स्थित ससुराल तक मातम पसरा है। हादसा उस समय हुआ, जब परिवार ट्रेन पकड़ने की जल्दी में रेलवे पटरी के रास्ते आगे बढ़ रहा था।
मृतकों की पहचान शंभुगंज प्रखंड के भिट्टी गांव निवासी सुबोध मंडल, उनकी 38 वर्षीय पत्नी पूनम देवी और बेटी राधिका कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सुबोध मंडल अपनी पत्नी और बेटी के साथ अमरपुर स्थित ससुराल से भागलपुर जाने के लिए निकले थे। उनकी बेटी की तबीयत खराब थी और उसे डॉक्टर से दिखाने के लिए भागलपुर ले जाया जा रहा था।
बताया गया कि अकबरनगर स्टेशन के पास ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में तीनों रेलवे पटरी पार कर आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान वे 53416 डाउन बर्दवान ट्रेन की चपेट में आ गए। ट्रेन की टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुबोध मंडल और उनकी पत्नी पूनम देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल मासूम राधिका को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। आरपीएफ और जीआरपी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों की ओर से घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों से संपर्क कर कागजी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है।
बेटी को दिखाने निकले थे डॉक्टर से
परिजनों के मुताबिक, परिवार के लिए यह सफर इलाज की उम्मीद लेकर शुरू हुआ था, लेकिन कुछ ही देर में दर्दनाक हादसे में बदल गया। जिस मासूम बेटी को डॉक्टर से दिखाने के लिए माता-पिता भागलपुर जा रहे थे, उसी बेटी समेत तीनों की जान चली गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सुबोध मंडल, पूनम देवी और राधिका की मौत की खबर गांव पहुंचते ही पूरे भिट्टी गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। अमरपुर में भी परिवार और परिचितों के बीच शोक की लहर है। हादसे ने एक परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया है।


