Patna News:- बिहार की राजधानी पटना में रविवार और सोमवार को महज दो घंटे की बारिश ने शहर की हालत बिगाड़ दी। सड़कों से लेकर घरों तक जलभराव हो गया और जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ।
बारिश इतनी तेज थी कि रेलवे ट्रैक तक डूब गए, जिससे कई ट्रेनों का संचालन बाधित हुआ। पटना एयरपोर्ट पर भी खराब मौसम का असर देखने को मिला, जहां आधा दर्जन से अधिक उड़ानों में देरी हुई और कुछ को रद्द करना पड़ा।
शहर के प्रमुख इलाके – अटल पथ, कंकड़बाग, राजेंद्र नगर, गोविंद मित्रा रोड, वीरचंद पटेल पथ, किदवईपुरी और विधानसभा परिसर – पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। कई घरों में पानी घुस गया है जिससे स्थानीय लोग बेहद परेशान हैं।
तेज बारिश के चलते मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कटिहार में होने वाला “प्रगति यात्रा” कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। उन्हें कई योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करना था, लेकिन खराब मौसम के कारण यात्रा संभव नहीं हो पाई।
पटना एयरपोर्ट पर खराब दृश्यता के कारण दिल्ली से आने वाली फ्लाइट को दो बार राउंड लेना पड़ा। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में एक पेड़ गिर जाने से यातायात और अधिक प्रभावित हुआ।
नगर निगम की टीम जल निकासी के लिए पंपों की मदद से पानी हटाने में जुटी है, लेकिन कई इलाकों में स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। वीरचंद पटेल पथ स्थित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र की दीवार पर पेड़ का बड़ा हिस्सा गिरने से खतरा और बढ़ गया है।
बारिश के चलते स्कूली बच्चे, ऑफिस जाने वाले लोग और आम नागरिक खासे परेशान हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है और नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।


