Patna News:- पटना के जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार सुबह उस वक्त हंगामा मच गया, जब एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-2936 चेन्नई से पटना तो पहुंच गई, लेकिन करीब दो दर्जन यात्रियों का सामान विमान में लोड ही नहीं किया गया था। 186 यात्रियों को लेकर आई इस फ्लाइट में यात्रियों के लगेज के बिना पहुंचने से गुस्साए लोगों ने एयरपोर्ट परिसर में जमकर हंगामा किया।
घटना के अनुसार, विमान के लैंड करते ही अनाउंसमेंट किया गया कि सभी यात्रियों का सामान बेल्ट नंबर 4 पर मिलेगा। लेकिन काफी देर इंतजार के बाद जब कुछ यात्रियों को अपना लगेज नहीं मिला तो वे परेशान हो गए। जल्द ही मालूम पड़ा कि विमान में ओवरवेट की वजह से कुछ यात्रियों का सामान चेन्नई में ही छोड़ दिया गया था।
एयर इंडिया की तरफ से सफाई दी गई कि गर्मी के मौसम में समर शेड्यूल के दौरान हवा हल्की होती है, जिससे फ्लाइट टेकऑफ करने में ज्यादा वजन समस्या पैदा करता है। इस स्थिति में फ्लाइट की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्गो और पैसेंजर वज़न को नियंत्रित किया जाता है। यही वजह थी कि कुछ यात्रियों का सामान नहीं लोड किया जा सका।
हंगामा बढ़ता देख एयर इंडिया का ग्राउंड स्टाफ और CISF के जवानों ने स्थिति को संभाला। एयरलाइन की ओर से यह भरोसा दिया गया है कि जिन यात्रियों का सामान पटना में नहीं आया है, वह जल्द उनके घरों तक पहुंचा दिया जाएगा। वहीं जिन यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट छूट गई, उन्हें वैकल्पिक फ्लाइट से भेजने की व्यवस्था की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर एयरलाइंस की लापरवाह कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर उन यात्रियों के लिए जो लंबे सफर के बाद अपने सामान की उम्मीद करते हैं।


