Patna News:- बिहार पुलिस सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा बुधवार को पूरे राज्य में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इस परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन की ओर से कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। इसके बावजूद परीक्षा के दौरान कदाचार के मामले सामने आए, जिनमें 29 अभ्यर्थियों पर कार्रवाई की गई, जबकि 4 को गिरफ्तार भी किया गया है।
इस बार की लिखित परीक्षा एकल पाली में आयोजित की गई थी और राज्य भर के 627 परीक्षा केंद्रों पर कुल 2,79,095 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे। इनमें से 2,49,051 अभ्यर्थियों ने ई-प्रवेश पत्र डाउनलोड किया, यानी लगभग 80 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
जिला स्तर पर डीएम और एसपी के नेतृत्व में परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई। सभी परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा कक्षों में CCTV कैमरों से लाइव निगरानी की गई और वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी के जरिए भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया गया। पटना मुख्यालय में एक विशेष कमांड एंड कंट्रोल रूम स्थापित कर पूरे परीक्षा संचालन की निगरानी की गई।
परीक्षा के दौरान कदाचार में शामिल पाए गए 29 अभ्यर्थियों पर कार्रवाई की गई, जिनमें से पश्चिमी चंपारण से 2, कटिहार से 1 और सहरसा से 1 अभियर्थी को गिरफ्तार किया गया। वहीं भागलपुर में 13 अभ्यर्थियों को निष्कासित किया गया। इसके अलावा 4 अभ्यर्थियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बिहार पुलिस सिपाही भर्ती की अगली लिखित परीक्षा 27 जुलाई को आयोजित की जाएगी। प्रशासन ने दोहराया है कि कदाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


