Bhagalpur News:- भागलपुर जिले के सन्हौला थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। महज 23 वर्षीय युवक गुलशन कुमार की तालाब में डूबने से मौत हो गई। गुलशन पढ़ाई पूरी कर आगे आईटीआई की तैयारी कर रहा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मिली जानकारी के अनुसार गुलशन अपने घर के पास स्थित तालाब में नहाने गया था। लेकिन उसे तैरना नहीं आता था। तालाब की गहराई नौ फीट से अधिक होने के कारण वह गहराई में चला गया और बाहर नहीं निकल सका। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों और परिजनों ने घंटों तक खोजबीन की। लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद शव को तालाब से बाहर निकाला जा सका।
गुलशन चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसके पिता दिल्ली में रहकर मजदूरी का काम करते हैं। घर की आर्थिक स्थिति भी सामान्य बताई जाती है। परिजनों का कहना है कि गुलशन मेहनती और होनहार था, जो परिवार का सहारा बनने का सपना देख रहा था। लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने सब कुछ बदलकर रख दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही सन्हौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का ही प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर, गुलशन की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी घटना को बेहद दुखद बताते हुए परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब गहरा होने के बावजूद आसपास कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं है, जिससे इस तरह की घटनाओं की संभावना बनी रहती है।
गुलशन की मौत ने एक बार फिर से यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि गांवों में तालाबों के पास सुरक्षा उपाय कितने जरूरी हैं। मासूम सी जिंदगियां अक्सर लापरवाही की भेंट चढ़ जाती हैं।


