Nawada News: जिले के परनाडाबर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक युवक का अधजला शव पानी रहित कम गहरे कुएं से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव कृष्णानगर गांव के समीप एक बगीचे में मिला। सूचना मिलने पर रजौली डीएसपी केतन अशोक इंगोले, सिरदला बीडीओ अमित कुमार और परनाडाबर थानाध्यक्ष हरिकांत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर ग्रामीणों के साथ मृतक के परिजन भी बड़ी संख्या में जुट गए।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक सूचना एक अज्ञात व्यक्ति के अधजले शव के कुएं में पड़े होने की मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक की पहचान मेसकौर थाना क्षेत्र के चंदाबारा गांव निवासी 20 वर्षीय सूफी चौहान के रूप में हुई।
मृतक के पिता महेंद्र चौहान ने बताया कि उनका बेटा रविवार को घर से बिना किसी को बताए निकला था। उसी दिन शाम करीब तीन बजे से उसका मोबाइल फोन बंद हो गया था। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिवार की ओर से थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।
सोमवार को परनाडाबर थाना क्षेत्र में अज्ञात शव मिलने की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने शव की पहचान सूफी चौहान के रूप में की।
मृतक के पिता ने बेटे की मौत के मामले में उसके ससुराल पक्ष पर आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि सूफी की शादी करीब छह माह पहले पकरीबरावां थाना क्षेत्र के मठ महेशपुर गांव में हुई थी। पिता के अनुसार, शादी के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था और इसी विवाद को लेकर उन्होंने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, ससुराल पक्ष पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए नवादा से फॉरेंसिक टीम और डीआईओ टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया। दोनों टीमों ने मौके का निरीक्षण कर विभिन्न साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के क्षेत्र की भी जांच कर रही है।
200 मीटर दूर मिली बाइक
पुलिस को घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर एक बाइक भी मिली है। पुलिस के मुताबिक बाइक की नंबर प्लेट और चेसिस नंबर सहित पहचान से जुड़े हिस्सों को खरोंचने का प्रयास किया गया है। पुलिस बाइक के मालिक और घटना से उसके संभावित संबंध की जांच कर रही है।
रजौली डीएसपी केतन अशोक इंगोले ने बताया कि मामले की जांच सभी संभावित कोणों से की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस खबर को भी पढ़ें : सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, रांची में कांग्रेस का प्रदर्शन,निर्वाचन आयोग के कार्यालय का घेराव किया।


