Patna News;- बिहार के बेगूसराय जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या (एनएच)-31 पर 54 होमगार्ड जवानों को लेकर जा रही एक बस गड्ढे में पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इनमें से चार की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस बलिया ट्रेनिंग सेंटर से होमगार्ड जवानों को लेकर बेगूसराय कैंप की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक सड़क पर एक बाइक बस के सामने आ गई। बस चालक ने बचाने की कोशिश की, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरा। हादसे में सभी जवान घायल हो गए।
होमगार्ड जवान प्रेमचंद कुमार ने बताया कि बस में कुल 54 जवान सवार थे। अचानक बाइक सामने आ जाने से चालक बस को संभाल नहीं सका और पलटने से कई साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे की चपेट में एक स्थानीय महिला भी आ गई।
मृतका की पहचान खगड़िया निवासी रोशनी देवी के रूप में हुई है। वह अपने पति रणवीर यादव और बेटे के साथ बाइक से बेगूसराय जा रही थी। तभी पीछे से आ रही बस ने धक्का मार दिया। हादसे में रोशनी देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रणवीर यादव और उनका बेटा भी घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कई घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेगूसराय सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटनाग्रस्त बस को क्रेन की मदद से सड़क किनारे हटाया गया है। हादसे के बाद एनएच-31 पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा।


