बेगूसराय।

शहर के एक कलयुगी पति ने आपसी विवाद में अपनी पत्नी की पत्थर से कुचल कर हत्या करने के बाद शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। रविवार को शव फेंके जाने के दौरान रेल पुलिस ने खदेड़ कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। घटना बरौनी कटिहार रेल खंड के बेगूसराय रेलवे स्टेशन के समीप की है। मृतका की पहचान बरौनी थाना क्षेत्र के पिपरा निवासी राजेश सदा की पत्नी कुसमा देवी के रूप में की गई है।
जानकारी अनुसार कुसमा देवी ने पहले पति उपेंद्र सदा की मौत के बाद अपने देवर राजेश सदा से शादी की थी। पर कुछ दिनों के बाद से ही दोनों के बीच विवाद होने लगा। इससे आक्रोशित होकर राजेश ने पत्थर से कुचलकर कुसमा देवी की हत्या निर्ममता पूर्वक कर दी। इसके बाद राजेश ने रेल हादसे में मौत का रूप देने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। फेंके जाने के दौरान ही रेलवे पुलिस की नजर पड़ी और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया। मालूम हो कि शनिवार की रात में दोनों पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इससे नाराज होकर पति ने पत्नी की हत्या कर दी।