कोलकाता|
चुनाव आयोग के निर्देश के आलोक में कोलकाता, विधाननगर, आसनसोल, चंदन नगर समेत राज्य के कई निकायो के राजनीतिक प्रशासको को बदलते हुए सरकारी प्रशासको की नियुक्ति कर दी गई है। इस कड़ी में कोलकाता नगर निगम के प्रशासक व राज्य के मंत्री फिरहाद हकीम के इस्तीफे के बाद उनकी जगह आईएएएस अधिकारी खलील अहमद को प्रशासक नियुक्ति किया गया है। जबकि सिलीगुड़ी में जीटीए के सचिव सुरेंद्र गुप्ता को प्रशासक नियुक्त किया गया है। मालूम हो कि चुनाव आयोग ने विपक्षी दलो की शिकायतो पर निकायो में राजनीतिक दलो के प्रशासको को 22 मार्च तक हटाकर उनकी जगह सरकारी अधिकारियों को प्रशासक नियुक्त करने का निर्देश दिया था।
तृणमूल छोड़कर भाजपा में शामिल हुए उम्मीदवारो को पश्चिम बंगाल में निशाना बनाया जा रहा है
तृणमूल छोड़कर भाजपा में शामिल हुए उम्मीदवारो को पश्चिम बंगाल में निशाना बनाया जा रहा है। टॉलीगंज विधानसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार बाबुल सुप्रियो काफी मशक्कत के बाद सोमवार को अपना नामांकन दाखिल कर पाए। नामांकन करने पहुंचे बाबुल सुप्रियो को तृणमूल कार्यकर्ताओं ने घेर लिया और काला झंडा दिखाते हुए प्रदर्शन करने लगे। बाद में पुलिस की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद वे नामांकन दाखिल कर पाए। वहीं रविवार को प्रचार के दौरान तृणमूल कार्यकर्ताओं ने राजीव बनर्जी पर हमला किया था। इसको लेकर भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल राजीव बनर्जी की अगुवाई में चुनाव आयोग से शिकायत की। राजीव बनर्जी ने आरोप लगाया कि प्रचार के दौरान तृणमूल के गुंडो ने ईंट पत्थर से हमला किया। एक तृणमूल कार्यकर्ता मारने के लिए लोहे का रॉड लेकर पास पहुंच गया था।
वर्दमान में बम विस्फोट से एक बच्चे की मौत
दूसरी ओर सोमवार को वर्दमान में बम विस्फोट से एक बच्चे की मौत हो गई। बताया गया कि वर्दमान के रसिकपुर में बम को गेंद समझकर दो बच्चे खेल रहे थे। इस बीच धमाका हुआ और इसके चपेट में एक बच्चा आ गया। इस घटना की निंदा सर्वत्र हो रही है। घटना पर चुनाव आयोग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए बम धमाके पूरी रिपोर्ट तलब की है।


